August 30, 2026

Samachar Bharat Live

Latest News updates

फर्रुखाबादः ड्रोन से होगी कांवड़ यात्रा की निगरानी, सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने कांवड़ियों के लिए सड़कें गड्ढामुक्त करने और ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए। गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, नाव व गोताखोर तैनात करने को कहा। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कांवड़ यात्रा व सावन मेला की तैयारी के लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। डीएम ने कहा कि 13 जुलाई से 12 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा व सावन मेला को सभी अधिकारी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। जनहानि व दुर्घटना किसी भी दशा में न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कांवड़ यात्रा में अधिकारियों की लापरवाही मिलने पर निलंबित किया जाएगा। सभी एसडीएम व सीओ अपने क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्गों निरीक्षण कर लें। सभी गंगा घाटों पर पर्याप्त नाव, नाविक व गोताखोर तैनात कर उनके साथ बैठक करें। यदि विद्युत तार ढीले हों तो ठीक करा दें। खुले ट्रांसफार्मरों की बैरीकेडिंग की जाए।
पीडब्ल्यूडी कांवड़ यात्रा मार्गों को गड्ढा मुक्त करे। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान रास्ते में कहीं भी खुले में मीट, मछली न बेची जाए। मिश्रित आबादी व शिव मंदिरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होनी चाहिए। शिव मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर एवं कांवड़ यात्रा मार्गों पर ड्रोन कैमरे से निगरानी हो। रास्तों की बेहतर सफाई के साथ ही महिला व पुरुष शौचालय, पेयजल की व्यवस्था की जाए।
ग्रामीण क्षेत्र में डीपीआरओ व नगरीय क्षेत्र में ईओ सभी शिव मंदिरों की सफाई कराएं। गूलर के पेड़ को अशुभ माने जाने से कावड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर गूलर के पेड़ की कटाई, छटाई करा दें। जिलाधिकारी ने रास्तों पर एंबुलेंस व मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए। एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति, सीएमओ, सभी एसडीएम व एएसपी मौजूद रहे।

About Author

एक्सक्लूसिव खबरें