ग्रेटर नोएडा। एनसीआर के सबसे ग्रीन शहर ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण ने मुहिम तेज कर दी है। प्राधिकरण ने वायु प्रदूषण पर निगरानी व रोकथाम के लिए ग्रेटर नोएडा को 21 जोन मेें बांट दिया है। प्रत्येक जोन के लिए वरिष्ठ प्रबंधक स्तर के अधिकारी को जोनल अधिकारी और प्रबंधक स्तर के अधिकारी को सहायक जोनल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। सभी वर्क सर्किल को जोन वाइज जिम्मेदारी दी गई हैै। वर्क सर्किल के पूरी टीम को लगाया गया है। ये टीमें धूल के साथ ही गंदगी मिलने पर संबंधित वेंडर को सूचित करेंगे और कूड़ा उठवाकर वहां सफाई सुनिश्चित करेंगे। धूल को रोकने के लिए पानी का छिड़काव करेंगे। ये अपने एरिया में कूड़ा जलाने वालों पर भी नजर रखेेंगे। इसके अतिरिक्त महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह और उप महाप्रबंधक परियोजना विजय रावल भी शहर का लगातार भ्रमण कर रहे हैं।
प्रदूषण को रोकने के लिए एनसीआर में ग्रैप नियम लागू है। इसे ध्यान में रखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर काबू पाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण का परियोजना विभाग, स्वास्थ्य और उद्यान सहित अन्य संबंधित विभाग इस काम में जुटे हैं। प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग निर्माण साइटों पर 216 एंटी स्मॉग गन लगाए गए हैं। इसके साथ ही प्राधिकरण के 8 एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किया जा रहा है, ताकि धूल न उड़े। इस काम में एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सड़कों की सफाई के लिए 11 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन लगाई गई है। टैंकरों से सड़कों पर पानी का छिड़काव और पेड़ों की धूल साफ किया जा रहा है। इन इंतजामों के साथ ही प्रदूषण फैलाने वालों पर प्राधिकरण कार्रवाई भी कर रहा है। प्राधिकरण की टीमें कूड़ा उठाने में लापरवाही करने और कूड़े में आग लगाने वालोें पर भी नजर रख रहीं हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने अपील की है कि अगर कहीं भी कूड़ा जलता दिखे तो प्राधिकरण के कॉल सेंटर नंबर 0120-2336046/47/48/49 पर सूचना अवश्य दें। इसके साथ ही प्राधिकरण के मित्रा ऐप पर भी इसकी जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने निवासियों से ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की है।



More Stories
क्रिकेट बॉल से भी बड़ा लिवर ट्यूमर,72 वर्षीय मरीज की बिना बड़े चीरे के सफल सर्जरी।
हैबतपुर के डूब क्षेत्र में चला ग्रेनो प्राधिकरण का बुल्डोजर,40 हजार वर्ग मीटर जमीन से अवैध निर्माण को किया ध्वस्त।
लखनऊ – सीएम योगी आदित्यनाथ का निर्देश,दाखिल-खारिज,पैमाइश, वरासत तथा जाति और आय प्रमाण-पत्र से जुड़े प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।