उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद। बंद कराने के दूसरे दिन शराब ठेका खुलने की भनक लगते ही महिलाएं दुकान के सामने सड़क के दूसरी तरफ दरी बिछाकर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने बरामदे में लाठी-डंडे भी रखे हैं। कहा कि दुकान को किसी कीमत पर नहीं खुलने देंगे। इसके लिए हर आंदोलन करने के लिए तैयार हैं। दुकान हट जाएगी, तो रोज घर में हो रही कलह से मुक्ति मिल जाएगी।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव जनैया सठैया में शुक्रवार सुबह 10 बजे महिलाओं को देेशी शराब ठेका खुलने की भनक लग गई। करीब 50 महिलाएं एकत्रित होकर दुकान के सामने पहुंच गईं लेकिन मौके पर ठेका बंद था। उन्होंने दुकान के ठीक सामने सड़क के दूसरी तरफ दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। यही नहीं साथ में लाए लाठी-डंडे एक बरामदे में रख दिए। शाम तक धरना स्थल पर महिलाओं की संख्या कम नहीं हुई।
घरेलू काम निपटाने के लिए दो-दो, चार-चार महिलाएं जाती और आती रहीं। कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। महिलाओं का कहना है कि यहां से दुकान हट जाए तो कम से कम घरों में शांति हो जाए। बताते चलें कि शराब ठेके के विरोध में गुरुवार को भी महिलाओं ने जाम लगाया था। ठेका बंद भी करा दिया था। उनका कहना था कि ठेके पर जुटने वाले अराजक तत्व शराब पीकर महिलाओं से अभद्रता तो करते ही हैं उनके घरों के पुरुष भी नशे में घर पहुंचकर कलह करते हैं।



More Stories
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास,बाबरी ढांचे की जगह राममंदिर देखकर सपा व कांग्रेस को पीड़ा: सीएम योगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर से किया राज्यव्यापी स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने की अपील,बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें,स्कूल चलो अभियान को जनांदोलन का हिस्सा बनाएं।
लखनऊ: यूपी पुलिस में 194 इंस्पेक्टरों के गैर जनपद हुए तबादले,पुलिस मुख्यालय ने जारी किया आदेश,सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू।