Samachar Bharat Live

Latest News updates

ग्रेनो प्राधिकरण ने कॉन्ट्रैक्टर पर लगाया 20 हजार का जुर्माना,निर्माण सामग्री की खराब गुणवत्ता पर प्राधिकरण ने की कार्रवाई।

ग्रेटर नोएडा। मिलक लच्छी गांव में पुलिया के निर्माण की गुणवत्ता खराब मिलने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कॉन्ट्रैक्टर पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है, जबकि यह काम ही करीब 10 हजार रुपये का था।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके अरोड़ा ने बताया कि मिलक लच्छी गांव में मैसर्स बेव्हेयर इंटरप्राइजेस पुलिया को ऊंचा उठाने का कार्य कर रही है, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके।

कॉन्ट्रैक्टर ने गांव में हाल ही में एक पुलिया को ऊंचा उठाने का कार्य किया था। उसके ऊपर से जेसीबी गुजरने से वह टूट गई। इसकी सूचना मिलते ही परियोजना विभाग के वर्क सर्किल एक के प्रबंधक प्रभात शंकर ने मौके पर जाकर जांच की। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में खामी मिलने पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। जुर्माने की यह रकम कॉन्ट्रैक्टर को दी जाने वाली भुगतान राशि में से कटौती कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि कॉन्ट्रैक्टर को पुलिया का निर्माण फिर से गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए। प्राधिकरण के सीईओ सुरेन्द्र सिंह ने चेतावनी दी कि खराब गुणवत्ता से काम करने वाले किसी भी कॉन्ट्रैक्टर को बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

About Author