August 30, 2026

Samachar Bharat Live

Latest News updates

एसीईओ ने ग्रेनो वेस्ट का किया दौरा, एफओबी, रोड व सीवर प्रोजेक्ट को हरी झंडी।

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने मंगलवार को ग्रेनो वेस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौड़ सिटी व इटैड़ा गोलचक्कर के पास एफओबी बनाने की अनुमति दे दी है। एसीइओ ने 60 मीटर रोड पर तिगड़ी गोलचक्कर से पहले यूटर्न बनाने को भी मंजूरी दे दी है। साथ ही सर्विस रोड को चौड़ा करने के निर्देश दिए। एसीईओ ने सेक्टर-1 में प्रस्तावित 24 मीटर रोड का निरीक्षण कर अप्रूवल दे दिया है। उन्होंने 60 मीटर रोड से 130 मीटर रोड को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन 80 मीटर रोड का भी जायजा लिया। गौड़ चौक पर बन रहे अंडरपास कार्य की प्रगति को भी देखा।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार की मंशा है कि ग्रेनो वेस्ट में मूलभूत सुविधाओं पर तेजी से कार्य हों, ताकि ग्रेनो वेस्ट के निवासियों को मूलभूत सुविधाओं की कमी न झेलनी पड़े। इसीलिए प्राधिकरण जल, सीवर, रोड कनेक्टीविटी, ग्रीनरी से जुड़ी कई परियोजनाओं पर कार्य करवा रहा है। इन परियोजनाओं की एसीईओ स्तर से नियमित निगरानी भी की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को एसीईओ प्रेरणा सिंह ने ग्रेनो वेस्ट में चल रही परियोजनाओं का जायजा लिया और नई परियोजनाओं को हरी झंडी दी। एसीईओ मंगलवार को सबसे पहले सेक्टर ईकोटेक-3 पहुंचीं। उन्होंने सेक्टर एक स्थित एमपीएस से ईकोटेक-3 स्थित 20 एमएलडी एसटीपी को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन सीवर लाइन का जायजा लिया। एसीईओ ने इस कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस लाइन का कार्य पूरा हो जाने पर सेक्टर 1 के आसपास के सीवर को ईकोटेक-3 स्थित एसटीपी से शोधित किया जा सकेगा और इस शोधित पानी को सिंचाई और निर्माण कार्य में लिया जाएगा। एसीईओ ने एसटीपी से निकलने वाले स्लज को निस्तारित करने और ग्रीन एनर्जी के विकल्प तलाशने के निर्देश दिए। इसके बाद एसीईओ ने ऐस सिटी के सामने 60 मीटर रोड से 130 मीटर रोड को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन 80 मीटर रोड का भी जायजा लिया। उन्होंने अगले माह तक इस रोड का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। सेक्टर 1 में बिसरख को 60 मी रोड से जोड़ने के लिए 24 मीटर रोड के निर्माण को भी अनुमति दे दी है। एसीईओ ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इटैड़ा गोलचक्कर के पास और गौड़ सिटी एक और गौड़ सिटी दो के बीच की रोड पर फुटओवर ब्रिज बनाने के लिए प्रस्तावित लोकेशन पर भी अनुमति दे दी है। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने गौड़ चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास का भी जायजा लिया और सीवर, बिजली, गैस आदि लाइनों को शीघ्र शिफ्ट करने और निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने 60 मी रोड पर खजूर चौक के पास तिगड़ी गोलचक्कर से पहले यू टर्न बनाने को भी मंजूरी दे दी है। इससे गौड़ सिटी-2 की तरफ से आना-जाना आसान हो जाएगा। वाहन चालकों को तिगड़ी गोलचक्कर से घूम कर नहीं आना पड़ेगा, जिससे तिगड़ी गोलचक्कर पर भी ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो जाएगी। एसीईओ के भ्रमण के दौरान सीवर विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा और वर्क सर्किल-1 के प्रभरी प्रभात शंकर भी मौजूद रहे।

About Author

एक्सक्लूसिव खबरें